दीए पर पड़ा गुलाल तो भड़की आग, उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर में आरती के दौरान जले 9 लोग
Holi aag: उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह 5.49 बजे भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में आग लग गई। इसमें पुजारी समेत 14 लोग झुलस गए। घायलों में 9 को इंदौर रेफर किया गया है। 3 को उज्जैन जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, 2 भर्ती हैं।
दीपक पर गुलाल गिरने से भड़की आग
हादसे के समय मंदिर में हजारों श्रद्धालु महाकाल के साथ होली मना रहे थे। घायल सेवक ने बताया कि आरती कर रहे पुजारी संजीव पर पीछे से किसी ने गुलाल डाला। गुलाल दीपक पर गिरा। अनुमान है कि गुलाल में कोई केमिकल ऐसा था, जिससे आग भड़क गई।
गर्भगृह में लगी चांदी की परत को रंग-गुलाल से बचाने के लिए फ्लैक्स लगाए गए थे। इसमें भी आग लग गई। कुछ लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पर पाया। 6 साल पहले भी महाकाल मंदिर में होली पर इसी तरह की घटना हो चुकी है। तब एक पुजारी झुलस गए थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव घायलों से मुलाकात के लिए भोपाल से इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं। वे उज्जैन भी जाएंगे।
मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए एक कमेटी बनाई गई है। कमेटी को तीन दिन में रिपोर्ट देने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई करेंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने CM यादव से बात की
घटना को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बात की। उन्होंने अपने X हैंडल पर लिखा, 'मुख्यमंत्री डॉ. यादव से घटना की जानकारी ली है। मैं बाबा महाकाल से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
इंदौर रेफर हुए 9 लोग 20 से 25% झुलसे
जिला अस्पताल में सिविल सर्जन पीएन वर्मा ने बताया कि 14 घायलों में 9 इंदौर रेफर किए गए हैं। 3 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। 2 लोग फिलहाल एडमिट हैं। इंदौर रेफर हुए लोग 20 से 25% झुलसे हैं। चमड़ी जलने से जलन बहुत होती है, इसीलिए सभी घबराए हुए थे। कोई भी गंभीर रूप से नहीं झुलसा है।