Yuva Haryana

यमुनानगर: बिन दुल्हन लौटी बारात, शादी के दिन भागी लड़की, ब्यूटी पार्लर से हुई गायब

 
Missing bride:
Missing bride: यमुनानगर में शादी के दिन दुल्हन भाग गई। दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा था, लेकिन उसे खाली हाथ वहां से लौटना पड़ा। दुल्हन तैयार होने ब्यूटी पार्लर गई थी। जहां से वह भाग गई।

पिता ने पुलिस को दी शिकायत

उसके फरार होने से शादी के लिए की सभी तैयारियां धरी की धरी रह गईं। सजाए गए मंडप में फेरे नहीं हो पाए। दुल्हन के पिता ने साढौरा थाना की पुलिस को शिकायत दी है। पिता ने शिकायत में बताया कि उसकी सबसे बड़ी बेटी की उम्र 23 साल है। उसकी शादी एक अन्य गांव में युवक के साथ तय हुई थी। वह अपनी छोटी बहन के साथ रिश्तेदार की कार में सवार होकर ब्यूटी पार्लर पर गई थी। इसके लिए ब्यूटी पार्लर संचालिका से पहले ही बात कर रखी थी।

Missing bride:

रिश्तेदार की गाड़ी में ब्यूटी पार्लर गई थी दुल्हन

दुल्हन व उसकी बहन को ब्यूटी पार्लर पर छोड़कर रिश्तेदार अपनी कार को ठीक करवाने के लिए मैकेनिक के पास चला गया। इसी दौरान करीब साढ़े 10 बजे दुल्हन बाजार में दुकान से कुछ सामान लाने की बात कह कर निकल गई।

भागने के बाद फोन भी किया बंद

वह कह कर गई थी थोड़ी देर में आ रही है, परंतु वापस नहीं लौटी। उसका मोबाइल भी बंद हो गया। उधर घर पर दुल्हन के लौटने का सब बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। दोपहर को दूल्हा भी बारात लेकर गांव में पहुंच गया था।

Missing bride:

रिश्तेदार ने परिजनों को दी सूचना

कार ठीक करवा कर रिश्तेदार ब्यूटी पार्लर पर पहुंचा। उसने ब्यूटी पार्लर की संचालिका से पूछा कि दुल्हन को तैयार होने में कितना समय लगेगा। जहां उसे बताया गया कि दुल्हन तो उसी वक्त बाजार चली गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। यह बात उसने दुल्हन के परिजनों को बताई।

बैरंग लौटी बारात

इसके बाद परिजन ब्यूटी पार्लर पहुंचे। बाजार में उसकी तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। यह बात बिचौलिये को भी बताई गई। बिचौलिये को भी कुछ समझ नहीं आया कि वह दूल्हे को किस मुंह से बताए कि उसकी दुल्हन फरार हो गई है।

इस बात का पता जब दूल्हे को चला तो यह सुनते ही हैरान रह गया। रिश्तेदारों ने भी बारात से थोड़ा इंतजार करने को कहा, आखिरकार उसे बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर दुल्हन की तलाश शुरू कर दी है।