Yuva Haryana

 

सिरसा: शमशान घाट में अफीम की खेती, दो आरोपी गिरफ्तार, करीब 7 किलो के पौधे बरामद

 
अफीम की खेती
Sirsa afeem kheti: गैरकानूनी कामों के लिए आरोपियों ने अब शमशान घाट जैसी जगह को भी नहीं बख्शा। सिरसा पुलिस ने गांव ममेरा कलां के श्मशान घाट से 6 किलो 980 ग्राम अफीम के पौधे बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ ऐलनाबाद पुलिस थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।अफीम की खेती

सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई

ऐलनाबाद थाना पुलिस को मंगलवार सुबह सूचना मिली कि गांव ममेरा कलां के श्मशान घाट में बने मकान में रहने वाले बाबा ब्रह्मगिरी व रोशन उर्फ बखूराम ने मकान की चारदीवारी के अंदर अफीम की खेती की हुई है। ऐलनाबाद थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार का कहना है कि सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापेमारी की। श्मशान घाट में दो व्यक्ति मौजूद मिले। इसकी पहचान बाबा ब्रह्मगिरी व रोशन उर्फ बखूराम के रूप में हुई।

अफीम की खेती

दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने इनके मकान की तलाशी ली तो चारदीवारी के अंदर अफीम के हरे पौधे उगे मिले। पुलिस कर्मचारियों ने अफीम के पौधों को उखाड़ कर अपने कब्जे में ले लिया। पौधों का वजन करने पर 6 किलो 980 ग्राम निकला। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बिना लाइसेंस के कर रहे थे खेती

थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों से अफीम की खेती करने का लाइसेंस मांगा तो वे प्रस्तुत नहीं कर पाए। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। बता दें कि गत दिवस भी पुलिस ने बड़ागुढ़ा थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति को अफीम की खेती करने पर गिरफ्तार किया था।