Yuva Haryana

 5 साल में 16 करोड़ रुपए बढ़ी राव इंद्रजीत की प्रॉपर्टी: 2 कारों के मालिक, पत्नी के पास 48 लाख की ज्वेलरी

 
Rav indrejeet:
Rav indrejeet: गुरुग्राम से BJP कैंडिडेट राव इंद्रजीत ने सोमवार (29 अप्रैल) को अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान दायर किए हलफनामे में उनकी चल-अचल संपत्ति में 5 सालों में 16 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है। उनकी सालाना कमाई में 23 लाख रुपए की बढ़ोतरी हुई।

5 साल पहले 42 करोड़ रुपए थी संपत्ति

राव इंद्रजीत सिंह की ओर से 5 साल पहले दिए हलफनामे के मुताबिक, उनकी कुल चल-अचल संपत्ति करीब 42 करोड़ रुपए थी। यह संपत्ति अब बढ़कर 58 करोड़ 5 लाख 92 हजार 921 रुपए हो गई है। उनकी सालाना इनकम 1 करोड़ 58 लाख 8 हजार 540 रुपए से बढ़कर 1 करोड़ 81 लाख 25 हजार 800 हो गई है।

2 कारों के मालिक, पत्नी के पास 48 लाख की ज्वेलरी

राव इंद्रजीत सिंह अभी भी सिर्फ दो ही कारों के मालिक हैं। उनके पास टोयोटा कंपनी की 2015 मॉडल इनोवा और टोयोटा की ही 2019 मॉडल कैमरी कार है। इन दोनों कारों की कीमत 60 लाख 7 हजार 53 रुपए है। वहीं, राव इंद्रजीत सिंह की पत्नी मनिता सिंह की सालाना इनकम 39 लाख 16 हजार 310 रुपए है। राव इंद्रजीत सिंह के पास 2 लाख 84 हजार 500 और उनकी पत्नी के पास 1 लाख 38 हजार 300 रुपए कैश है। राव के पास कोई गोल्ड नहीं है, जबकि उनकी पत्नी के पास 43 लाख 59 हजार 600 कीमत की 700 ग्राम गोल्ड की ज्वेलरी है। इसके अलावा 4 लाख 63 हजार 500 रुपए की डायमंड ज्वेलरी है। कुल ज्वेलरी की कीमत 48 लाख 23 हजार 500 रुपए है।

5 सालों में 7 करोड़ कर्ज बढ़ा

राव इंद्रजीत सिंह के पास 7 करोड़ 46 लाख 41 हजार 875 रुपए कीमत की कृषि योग्य भूमि, 2 करोड़ 20 लाख 58 हजार रुपए कीमत की नॉन एग्रीकल्चर, 4 करोड़ 80 लाख रुपए कीमत की कॉमर्शियल और 34 करोड़ 85 लाख 99 हजार 875 रुपए की रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी है। राव पर 5 सालों में 7 करोड़ से ज्यादा का कर्ज बढ़ा है। उन पर फिलहाल 10 करोड़ 11 लाख 88 हजार रुपए का कर्ज है, जो 5 साल पहले सिर्फ 3 करोड़ रुपए था। साथ ही उनके अलग-अलग बैंक खातों में 16 करोड़ 69 लाख 91 हजार 213 रुपए जमा हैं। 40 लाख 82 हजार 700 रुपए के शेयर और अन्य कंपनियों में हिस्सेदारी है। राव इंद्रजीत सिंह के पास 3 लाख 95 हजार 580 रुपए की इंश्योरेंस पॉलिसी भी है।

2019 में भी सबसे ज्यादा संपत्ति के मालिक थे राव इंद्रजीत सिंह

राव की तरफ से 2019 में दायर किए हलफनामे के मुताबिक, उनके पास 3 लाख 88 हजार 3400 रुपए कैश था। उनकी पत्नी के पास 1 लाख 80 हजार रुपए की नकदी थी। वह इनोवा, होंडा सिविक और टोयोटा कैमरी गाड़ी के मालिक थे। 2019 में राव इंद्रजीत ने 1 करोड़ 58 लाख 8 हजार 540 इनकम टैक्स रिटर्न भरा था। उनकी पत्नी ने 13 लाख 40 हजार 140 रुपए टैक्स भरा।

2019 में 40 लाख 82 हजार 700 के शेयर थे। पत्नी के पास 2 करोड़ 70 लाख 73 हजार 110 के शेयर थे। हलफनामे के मुताबिक पत्नी के पास 20 लाख 57 हजार 300 का गोल्ड था। 36 लाख 71 हजार 931 रुपए की ज्वेलरी थी।

इंद्रजीत के पास कुल 8 करोड़ 30 लाख 6 हजार 696 रुपए की संपत्ति थी, जबकि उनकी पत्नी के पास 2 करोड़ 93 लाख 24 हजार 67 रुपए की संपत्ति थी। कॉमर्शियल और एग्रीकल्चर लैंड 14 करोड़ 10 लाख 68 हजार की, जो रेवाड़ी व फिरोजपुर झिरका में है। इसके अलावा कॉमर्शियल बिल्डिंग रेवाड़ी, गुरुग्राम और दिल्ली में है। शिमला और नैनीताल में फार्म हाउस हैं।

 5 बार के सांसद राव इंद्रजीत सिंह

रामपुरा हाउस के वारिस केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह 3 बार रेवाड़ी की जाटूसाना सीट से विधायक रहने के साथ ही 5 बार के सांसद हैं। 2 बार वह महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से सांसद बने। इसके बाद 2009 में गुरुग्राम सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा और लगातार तीन बार से यहां से सांसद हैं। 2024 में BJP ने उन्हें तीसरी बार टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा है। इससे पहले 2014 और 2019 में बीजेपी की टिकट पर चुनाव जीतकर राव इंद्रजीत सिंह दोनों बार सांसद बने हैं। 2014 से पहले वह 3 दशकों तक कांग्रेस पार्टी में रहे, लेकिन पूर्व CM भूपेंद्र हुड्‌डा से मतभेद के चलते उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी।