Yuva Haryana

 

नफे सिंह राठी हत्याकांड: हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग, 4 घंटे तक बंद बहादुरगढ़ मार्केट

 
नफे सिंह राठी हत्याकांड:
 Nafe singh rathee : बहादुरगढ़ में इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या में शामिल 2 शूटरों और मामले के साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को बहादुरगढ़ शहर 4 घंटे के लिए बंद रखा जाएगा। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बाजार बंद रहेगा।

नफे सिंह राठी के भतीजे कपूर राठी ने कहा कि हत्याकांड को डेढ़ माह बीत चुका है। पुलिस ने अभी तक ना तो हत्या करने वाले शूटरों को गिरफ्तार किया है और ना ही इस केस के साजिशकर्ताओं को पकड़ा गया। हैरान करने वाली बात ये है कि अभी तक साजिश का भी पुलिस पता नहीं लग पाई है

बहादुरगढ़ शहर ने एक नेता खोया

कपूर राठी ने कहा कि हमनें तो परिवार का एक सदस्य खोया ही है साथ ही बहादुरगढ़ शहर ने भी एक नेता खोया है। इसका मलाल सभी को हैं। उन्होंने मांग उठाई कि पुलिस FIR में नामजद सभी लोगों को गिरफ्तार करें। जिससे परिवार को भी पुलिस पर भरोसा हो सके। क्योंकि आज हमारा परिवार ही नहीं, बल्कि हर कोई चिंतित है।

दिल्ली-रोहतक रोड पर दुकानें बंद रही

बता दें कि नफे सिंह राठी के परिवार के आह्वान पर गुरुवार को राठी के समर्थक और अन्य लोग रेलवे स्टेशन के पास एकत्रित हुए। यहां से पैदल चलकर बाजार के व्यापारियों से दुकान बंद रखने की अपील की गई। शहर के रेलवे रोड़, मेन बाजार और दिल्ली-रोहतक रोड पर दुकानें पूरी तरह बंद रही।

25 फरवरी को हुई थी हत्या

बहादुरगढ़ में 25 फरवरी को इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी व उनके वर्कर जय किशन दलाल की बराही फाटक पर गोलियां मार कर हत्या कर दी गई थी। आई-20 कार में सवार होकर आए 4 शूटर ने नफे सिंह राठी की फॉरच्यूनर कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।

इस हत्याकांड में पुलिस अभी तक 2 शूटर के अलावा हथियार मुहैया कराने वाले शख्स को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि 2 शूटर व अन्य आरोपी अभी फरार है। परिवार की मांग है कि इन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाए।