विधायक की बहू ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, सुसाइड नोट से खुला राज, बेटा गिरफ्तार
Dec 20, 2023, 15:29 IST

Yuva Haryana: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कांग्रेस विधायक की बहू घर में फांसी के फंदे पर लटकी हुई पाई गई। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई। आस-पास के लोग इस खबर पर हैरानी जता रहे है।
वहीं पुलिस ने मामले में परासिया से कांग्रेस विधायक सोहनलाल वाल्मिकी के बेटे को गिरफ्तार कर लिया और घर को सील कर दिया।
विधायक के 35 साल के बेटे आदित्य वाल्मिकी पर 28 साल की पत्नी को कथित तौर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। मामले का खुलासा तब हुआ जब अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, मोनिका ने जब सुबह दरवाजा नहीं खोला तो घर के लोगों ने जैसे-तैसे गेट खोला। देखा तो सामने मोनिका फांसी के फंदे पर लटक रही थी।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घर को सील कर दिया। मोनिका को फौरन पास के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, ढाई साल पहले वाल्मिकी और मोनिका की धूम-धाम से शादी हुई थी।
मामले में परासिया के पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) जितेंद्र सिंह ने बताया कि आदित्य वाल्मिकी को उसकी पत्नी मोनिका की मौत के मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी आदित्य परासिया से कांग्रेस विधायक सोहनलाल वाल्मिकी का बेटा है। अधिकारी ने आगे बताया कि मोनिका ने 14 दिसंबर को वाल्मिकी के घर पर फंदे से लटककर अपना जान दे दी।
मोनिका ने मौक पर एक सुसाइड नोट छोड़ा था। जिसमें उसने आदित्य पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
अधिकारी ने बताया कि मोनिका के परिवार के सदस्यों की शिकायत के आधार पर आदित्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मोनिका का परिवार इटारसी में रहता है। मोनिका की मां ने आदित्य पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।