पेरिस ओलंपिक में Haryana की बेटी ने रचा इतिहास, मनु-सरबजोत ने भारत को दिलाया दूसरा मेडल
Yuva Haryana : पेरिस ओलंपिक में हरियाणा के खिलाड़ियों का जलवा बरकरार है। हरियाणा की बेटी मनु भाकर ने ओलंपिक में इतिहास रच दिया है। मनु ने भारत को एक और मेडल दिलाया है।
इसी के साथ भारत के खाते में दूसरा मेडल आ गया है। हरियाणा की खिलाड़ी मनु भाकर ने सरबजोत सिंह के साथ मिलकर भारत के लिए दूसरा मेडल जीता। 10 मीटर एयर पिस्टल के मिक्स्ड टीम इवेंट के ब्रॉन्ज मेडल मैच में मनु और सरबजोत ने कोरियाई जोड़ी को 16-10 से हराया। सरबोजत भी हरियाणा के रहने वाले हैं।
मनु ने जीते दो मेडल, बनाया यह रिकॉर्ड
मनु भाकर ने इससे पहले 28 जुलाई को पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल के सिंगल्स इवेंट में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस ब्रॉन्ज के साथ मेडल टैली में भारत का खाता खुला था। अब मनु भाकर ने एक और ब्रॉन्ज अपने नाम कर इतिहास रचा है। एक ही ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली मनु पहली भारतीय एथलीट भी बन गई है।
आपको बता दें कि मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने 29 जुलाई को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के ब्रॉन्ज मेडल मैच के लिए क्वालिफाई किया था। दोनों ने क्वालिफिकेशन राउंड में 20 परफेक्ट शॉट लगाए थे और उसके जरिए 580 अंक बटोरे थे।
टोक्यो की कसर पेरिस में पूरी
पेरिस में मनु भाकर अपना दूसरा ओलंपिक खेल रही हैं। इससे पहले टोक्यो में जब उन्होंने ओलंपिक डेब्यू किया था तो उन्हें वहां से खाली हाथ ही लौटना पड़ा था। टोक्यो में मनु की नाकामी की वजह उनका खराब खेल नहीं बल्कि पिस्टल में आई तकनीकी खराबी रही थी।
अब मनु ने भारत की झोली में दो मेडल डालकर टोक्यो की कसर पेरिस में पूरी कर दी है।