Yuva Haryana

करनाल: युवती ने ससुराल वालों के खिलाफ दर्ज कराया दहेज का मामला, 2017 में हुई थी शादी 

 
​​​​​​​Karnal dowry:

Karnal dowry: करनाल के बसताड़ा गांव में दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज ने देने पर परेशान करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि दहेज के लोभियों ने विवाहिता से बाइक की डिमांड रखी और डिमांड पूरी न होने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। ससुराल पक्ष के साथ कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन कोई हल नहीं निकला।

ससुरालवालों के खिलाफ दर्ज मामला

पीड़िता अपने मायके में अपने पिता के सहारे दिन काट रही है। पीड़िता ने मामले की शिकायत मधुबन थाना पुलिस को की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति, सास व ससुर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2017 में हुई थी शादी

बसताड़ा निवासी पीड़िता की शादी 17 फरवरी 2017 में पानीपत जिला के मतलौडा गांव में कृष्ण पुत्र रणबीर सिंह के साथ हुई थी। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि शादी में पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान दहेज दिया था। जिस पर तकरीबन 6 लाख रुपए खर्च किए थे। वर्ष 2018 में उसे एक पुत्र हुआ। मेरे ससुराल वाले काफी लालची किस्म के इंसान हैं, जो दहेज से खुश नहीं थे।

लिहाजा उन्होंने दहेज की डिमांड करनी शुरू कर दी और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बेटे के जन्म पर भी आरोपियों ने बाइक की डिमांड रखी, लेकिन मेरे पिता की इतनी हैसियत नहीं थी। 2019 में बेटे के पहले जन्मदिन पर भी बाइक की डिमांड रख दी गई। डिमांड पूरी नहीं हुई तो मारपीट की।

50 हजार रुपए और बाइक की मांग

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसका पति जुए व शराब का आदी है। अपनी पूरी कमाई शराब और जुए में खर्च करता है। घर चलाने तक के पैसे नहीं देता। पैसे की मांग करती हूं तो बेरहमी से पिटाई की जाती है। पति को अपने बच्चे तक की पढ़ाई की चिंता नहीं है। होली के त्योहार पर भी आरोपियों ने 50 हजार रुपए व बाइक लाने की मांग रखी। मांग पूरी न करने पर मेरे बच्चे को मारने की धमकी दी।

पीड़िता ने बताया कि आरोपियों को काफी समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं माने। जिसके बाद उसे घर से भी निकाल दिया और उसके बाद से ही वह अपने पिता के घर रह रही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

मधुबन थाना की जांच अधिकारी आशा ने बताया कि बसताडा गांव की रहने वाली पीड़िता ने अपने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है।