हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार पर सस्पेंस, लौटाई गई राजभवन आई 5 गाड़ियां
haryana cabinet:हरियाणा राजभवन में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तैयारियां जारी है। हालांकि मंत्रिमंडल विस्तार से पहले इसमें पेंच फंस गया है। पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज शपथ लेने को तैयार नहीं हैं।
सूत्रों के मुताबिक अब अहीरवाल क्षेत्र के एक बड़े नेता ने अपने इलाके से 2 विधायकों को मंत्री बनाने की मांग उठा दी है। वह इसको लेकर अड़ गए हैं। सूत्रों के मुताबिक सीएम सैनी ने केंद्रीय नेतृत्व से बात की। जिसके बाद उन्हें सलाह दी गई है कि फिलहाल मंत्रिमंडल विस्तार के बजाय वह पहले शपथ ले चुके 5 मंत्रियों में विभागों का बंटवारा कर काम चलाएं। केंद्र किसी भी सूरत में लोकसभा चुनाव से पहले किसी तरह का विवाद नहीं चाहता।
वापिस लौटा दी गई मंत्रियों को मिलने वाली 5 गाड़ी
इसी बीच राजभवन में नए मंत्रियों को मिलने वाली 5 गाड़ियां भी पहुंची थी, लेकिन फिलहाल उन्हें गेट से ही वापस कर दिया गया है। इसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि मंत्रिमंडल विस्तार को लोकसभा चुनाव तक टाला जा सकता है।
14 मंत्री बनने की खबर
हरियाणा में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री बन सकते हैं। अभी तक CM और 5 मंत्री शपथ ले चुके हैं। 8 मंत्रियों के लिए जगह खाली है। सरकार ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा हुआ है। मंत्रिमंडल विस्तार हुआ तो भाजपा के कई विधायकों के साथ ही निर्दलीय विधायकों की भी सैनी के मंत्रिमंडल में एंट्री हो सकती है। इसके साथ मंत्रियों को विभागों का बंटवारा भी साथ के साथ हो जाएगा।