Yuva Haryana

 गुरुग्राम में साइबर पुलिस की बड़ी कामयाबी: ठगी के 1.32 करोड़ रुपए रिकवर करने में मिली सफलता

 
Gurugram fraoud
Gurugram fraoud: गुरुग्राम में स्टॉक मार्केट में निवेश का झांसा देकर 1 करोड़ 32 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस गिरफ्त में 7 आरोपी

साइबर क्राइम थाना ईस्ट की टीम ने ठगी की राशि फ्रीज कराने के बाद कार्रवाई की और 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें बैंक के 2 कर्मचारी भी शामिल हैं। पुलिस ने 1 करोड़ 32 लाख की राशि पीड़ित को वापस कर दी है।

82 साल के बुजुर्ग ने पुलिस में दी शिकायत

साइबर क्राइम थाना ईस्ट में 3 फरवरी को 82 साल के बुजुर्ग ने शिकायत दी थी। उसने बताया कि व्हाट्सएप के माध्यम से स्टॉक मार्केट में इन्वेस्टमेंट कराने के नाम पर उससे करीब 1 करोड़ 32 लाख रुपयों की ठगी की गई है। थाना साइबर क्राइम सेक्टर 43 ने मामले में धारा 420, 120B IPC का तहत केस दर्ज किया।

यस बैंक के दो आरोपी भी साजिश में शामिल

एसीपी साइबर क्राइम प्रियांशु दीवान के मुताबिक पुलिस ने कार्यवाही करते हुए यस बैंक के 2 कर्मचारियों सहित 7 आरोपियों को काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की थी। आरोपियों की पहचान पिंकी, विकास निवासी सुल्तानपुरी दिल्ली, प्रकाश निवासी बवाना दिल्ली, धर्मेंद्र व दीपक निवासी रोहिणी दिल्ली, सूरज निवासी फ़रीदाबाद व पूजा निवासी जैन नगर दिल्ली के रूप में हुई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आगामी कार्यवाही करते हुए शिकायतकर्ता काे ठगी गई लगभग 1 करोड़ 32 लाख की राशि को वापस कर दिया है।