IRB के जवानों के लिए आई अच्छी खबर, हरियाणा पुलिस में शामिल होने का मिल सकेगा मौका
Yuva Haryana : भारतीय रिजर्व बटालियन के जवानों के लिए हरियाणा से अच्छी खबर आई है। अब 15 साल की सेवाएं कर चुके आईआरबी जवान हरियाणा पुलिस में शामिल हो सकेंगे।
साथ ही 12 वर्ष की सेवा पूरी होने के बाद मुख्य सिपाही के रूप में पदोन्नत किए गए सिपाहियों को भी हरियाणा पुलिस में शामिल होने का मौका मिल सकेगा।
आईआरबी में रिक्त पदों को भरने के लिए नई भर्ती के साथ ही हरियाणा पुलिस के कर्मचारियों को तीन से पांच साल तक के लिए डेपुटेशन पर लिया जाएगा।
आपको बता दें कि पूर्व सीएम मनोहर लाल ने अपनी सरकार के दौरान आईआरबी जवानों का हरियाणा पुलिस में विलय करने का निर्णय लिया था, लेकिन इसमें विवाद के चलते मामला पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में पहुंच गया था।
दरअसल, यह विवाद नियमों के तैयार नहीं होने और विलय का कार्य पूरा न होने के चलते वरिष्ठता को लेकर हुआ था। हाई कोर्ट ने साल 2019 में आईआरबी जवानों को हरियाणा पुलिस में शामिल करने का आदेश दिया था, लेकिन मामला अधर में लटका रहा।
अब मौजूदा भाजपा सरकार ने इस मामले को संज्ञान में लिया है और हरियाणा सरकार ने इसमें संशोधन किया है, जिसका फायदा आईआरबी को मिलेगा।
हाईकोर्ट में पिछली सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने सरकार को आखिरी मौका देते हुए चेतावनी दी थी कि यदि एक माह में नियम अधिसूचित नहीं किए तो हरियाणा पुलिस की सभी पदोन्नतियां रोक दी जाएंगी।
हाईकोर्ट की सख्ती के बाद मई में संशोधित नियम तैयार कर हरियाणा मंत्रिमंडल ने मुहर लगा दी थी। अब गृह सचिव ने नियमों को अधिसूचित कर दिया है।