DOG ATTACK: पानीपत में पालतू कुत्ते ने बुजुर्ग महिला को 19 जगह काटा, बचाव करने आया पड़ोसी भी घायल

DOG ATTACK: पानीपत शहर के सिद्धार्थ नगर में एक पालतू कुत्ते की ओर से बुजुर्ग महिला और पड़ोसी को काटने का मामला सामने आया है।
बुजुर्ग महिला गली में कुर्सी पर बैठी थी। इसी दौरान पड़ोसियों का कुत्ता वहां आया और महिला पर अटैक कर दिया। बीच-बचाव में आए दूसरे व्यक्ति को भी कुत्ते ने अपना शिकार बना लिया। कुत्ते को काबू कर दोनों घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को करनाल रेफर कर दिया।
70 साल की बुजुर्ग की गर्दन पर किया हमला
जानकारी देते हुए अशोक कुमार ने बताया कि वह सिद्धार्थ नगर का रहने वाला है। सोमवार को दिन के समय रिश्ते में लगने वाली 70 साल की दादी रतनी देवी बाहर गली में कुर्सी पर बैठी हुई थीं। इसी दौरान वहां पड़ोसियों का कुत्ता घर से निकल कर तेजी से दौड़ता हुआ दादी की ओर पहुंचा। वहां पहुंचते ही उसने दादी की गर्दन को अपने मुंह से पकड़ लिया। दादी अपने बचाव में छटपटाई, तो कुत्ते ने उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद दादी के अनेकों जगहों पर उसने काट लिया। जिससे गहरे घाव हो गए।
कुत्ते के मालिक ने कुत्ते पर पाया काबू
अशोक ने बताया कि यह सब देख उसके पिता भानू सिंह दौड़ कर मौके पर पहुंचे। जिन्होंने कुत्ते से दादी को छुड़वाना चाहा। कुत्ते ने दादी को तो छोड़ दिया, लेकिन उसके पिता को पकड़ लिया। जिसने उसके हाथों पर अनेकों जगह काट लिया। शोर सुनकर मौके पर स्थानीय लोग व कुत्ते के मालिक भी पहुंच गए। जिन्होंने कुत्ते को काबू किया।
अस्पताल में भर्ती घायल बुजुर्ग
खून से लथपथ हालत में दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दादी को करनाल के कल्पना चावला अस्पताल में रेफर कर दिया। जबकि, भानू सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सिविल अस्पताल में ही दादी को 19 जगह से काटे जाने का पता लगा।