Yuva Haryana

 चंडीगढ़: फिर करवट लेगा मौसम, 6.1 डिग्री सेल्सियस गिरा पारा, 4 मई के बाद बारिश की संभावना

 
बारिश की संभावना
Weather: चंडीगढ़ के तापमान में 6.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई है। यह गिरावट पिछले तीन दिनों से जारी वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से है। मौसम विभाग का मानना है कि अभी कई दिनों तक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं जाएगा। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 4 मई को दोबारा से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा। जिस कारण चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में हुए हिमपात के कारण भी चंडीगढ़ के तापमान पर असर पड़ रहा है।

इस प्रकार रहेगा तापमान

मौसम विभाग ने तापमान को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है। उनके अनुसार आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं 1 मई को अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा। 2 मई को अधिकतम 35 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा। इसी प्रकार मोहाली में भी 30 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है, जो कि पिछले 24 घंटे के तापमान से 6.2 डिग्री सेल्सियस कम है। पंचकूला में भी अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

अप्रैल महीने में हुई 24.6 एमएम बारिश

अप्रैल महीने में अब तक चंडीगढ़ में 24.6 एमएम बारिश हो चुकी है। अप्रैल में कई बार मौसम में बदलाव देखा गया है। 26 अप्रैल को जहां शहर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वही अब यह तापमान घटकर 29.8 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। अगर 1 मार्च से अब तक की बात करें तो 54.7 एमएम बारिश हो चुकी है। जो की इस सीजन की होने वाली औसत बारिश से 71.5% ज्यादा है।