Yuva Haryana

 

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी को इलेक्शन कमीशन ने थमाया नोटिस, PM का फूंका था पुतला

 
आम आदमी पार्टी
Aap notice: आम आदमी पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। चंडीगढ़ इलेक्शन कमीशन ने आम आदमी पार्टी को कारण बताओ नोटिस दिया है। इलेक्शन कमीशन की तरफ से 24 घंटे के अंदर-अंदर आम आदमी पार्टी से जवाब मांगा है। चुनाव आयोग की तरफ से यह चंडीगढ़ नगर निगम की गाइडलाइन का उल्लंघन है।

होलिका दहन पर फूंका था पीएम का पुतला

चुनाव आचार संहिता लगी होने के कारण चंडीगढ़ नगर निगम की तरफ से कुछ नियम जारी किए गए हैं। अगर 24 घंटे के अंदर जवाब नहीं दिया जाता है, तो पार्टी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि, रविवार को चंडीगढ़ के वार्ड नंबर 21 के पार्षद जसवीर सिंह लाडी के नेतृत्व में गांव फैदा बैरियर पर आम आदमी पार्टी के 70 से 80 कार्यकर्ता एकत्रित हुए थे। जिन्होंने होलिका दहन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका था। यह प्रदर्शन उन्होंने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट द्वारा की गई गिरफ्तारी के विरोध में किया गया था, जबकि उन्होंने इस तरह के किसी भी प्रदर्शन की कोई अनुमति नहीं ली थी।

फ्लाइंग स्क्वायड टीम ने की थी शिकायत

इस मामले को लेकर चंडीगढ़ फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम ने चंडीगढ़ सेक्टर-31 पुलिस थाने को शिकायत की थी। इस फ्लाइंग स्क्वायड टीम के सदस्य बलजिंदर सिंह, सब इंस्पेक्टर वेद प्रकाश, कांस्टेबल अजय, प्रीति और कृष्ण की तरफ से लिखित में यह शिकायत दी गई है। इसमें उन्होंने बताया है कि आम आदमी पार्टी के 70 से 80 कार्यकर्ता एकदम से इकट्ठे हो गए और उन्होंने प्रधानमंत्री का पुतला फूंक दिया। जो की आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन है।