Yuva Haryana

रूठों को मनाने में जुटी BJP, बिश्नोई के बाद हरियाणा चुनाव से कैप्टन अभिमन्यु ने बनाई दूरी

 
कैप्टन अभिमन्यु

Haryana bjp: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली जाकर बेशक कुलदीप बिश्नोई को मनाने में शायद कोई कसर नहीं छोड़ी। लेकिन अभी भी बीजेपी की राह में रोड़े कम नहीं है। कैप्टन अभिमन्यु को मनाना बीजेपी के लिए कम आसान काम नहीं है।

रणजीत चौटाला के साथ बनाया गया शेड्यूल

हिसार भाजपा ने रणजीत चौटाला के साथ कैप्टन अभिमन्यु के प्रचार का शेड्यूल जारी कर दिया। जैसा कि भव्य बिश्नोई के साथ आदमपुर के लिए जारी किया था। कैप्टन अभिमन्यु के प्रचार शेड्यूल जारी करने पर कैप्टन अभिमन्यु का नारनौंद में काम संभालने वाले उनके भतीजे अजय सिंधु से प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा की तरफ जारी हुए शेड्यूल की उनको कोई जानकारी नहीं है।

कैप्टन इन दिनों असम हैं और भाजपा की चुनाव प्रचार की बागडोर संभाले हुए हैं। अजय सिंधु ने कहा मुझे यह जानकारी भी नहीं है कि कैप्टन अभिमन्यु आएंगे या नहीं। क्योंकि वह असम चुनाव में व्यस्त हैं।

भव्य का शेड्यूल बनाकर भाजपा करा चुकी है किरकिरी

भाजपा की ओर से इससे पहले भव्य बिश्नोई का आदमपुर में रणजीत चौटाला के साथ शेड्यूल बनाकर किरकिरी करवा चुकी है। अब कैप्टन अभिमन्यु का भी इसी तरह का शेड्यूल बनाकर जारी कर दिया गया है।

शेड्यूल के अनुसार कैप्टन अभिमन्यु के साथ नारनौंद विधानसभा में 12 और हांसी में एक कार्यक्रम रखा गया है। अब सबकी नजरें इसी बात पर टिकी हैं कि कैप्टन अभिमन्यु कल प्रचार के लिए आएंगे या नहीं।

आदमपुर और नारनौंद में इसलिए आ रही दिक्कत

आदमपुर से कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई विधायक हैं। कुलदीप बिश्नोई हिसार लोकसभा चुनाव में टिकट के प्रबल दावेदारों में से एक थे। मगर उनका टिकट कट गया जिस पर उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर नाराजगी जाहिर की थी।

नारनौंद से कैप्टन अभिमन्यु भी हिसार लोकसभा से भाजपा की टिकट के प्रबल दावेदारों में से एक थे। वह हिसार में एक्टिव थे और माना जा रहा था कि इस बार टिकट उन्हें ही मिलेगा मगर भाजपा ने उनका भी टिकट काटकर रानियां से निर्दलीय विधायक रणजीत चौटाला को आधा घंटा पहले पार्टी ज्वॉइन करवाकर टिकट दे दिया। रणजीत चौटाला हरियाणा भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं।

भाजपा का दावा आदमपुर में रैली करवाएंगे कुलदीप

भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल को आदमपुर में होनी वाली भाजपा की रैली कुलदीप बिश्नोई करवाएंगे। इस रैली में कुलदीप और भव्य दोनों रणजीत चौटाला के साथ मंच साझा करेंगे। हालांकि यह आने वाला समय बताएगा कि कुलदीप की नाराजगी दूर हुई है या नहीं। आदमपुर में भजनलाल परिवार और चौटाला परिवार एक दूसरे के सामने चुनाव लड़ता आया है। ऐसे में पिता चौधरी भजनलाल के सामने चुनाव लड़ने वाले रणजीत चौटाला के लिए प्रचार करना बेटे कुलदीप बिश्नाई और पौते भव्य बिश्नोई के लिए आसान नहीं होगा।

………………………………………………………………………………………………………………………………………….