BIG BREAKING: महेंद्रगढ़ में पलटी स्कूल बस, 6 बच्चों की मौत, 15 घायल, ईद पर भी खुला था स्कूल

ओवरटेक की वजह से हुआ हादसा
घायलों को तुरंत निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। हादसे की वजह ओवरटेक बताया जा रहा है। महेंद्रगढ़ के कस्बा कनीना में स्थित GL पब्लिक स्कूल ईद पर छुट्टी के बाद भी खुला था। गुरुवार सुबह बस 35 बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इस बीच गांव उन्हानी के पास स्कूल बस ओवरटेक करते हुए अचानक पलट गई।
ईद की छुट्टी के दिन भी खुला था स्कूल
हरियाणा की शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने फोन पर कहा कि मैं DC और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बात कर रही हूं। यह पूछने पर की क्या छुट्टी के दिन स्कूल लगने चाहिए तो उन्होंने कहा कि मैं सभी चीजों का पता लगा रही हूं। उसके बाद इस मामले में कुछ कहूंगी। थोड़ी देर के बाद घटनास्थल का दौरा भी करूंगी।
बस का फिटनेस सर्टिफिकेट एक्सपायर
जानकारी के मुताबिक इस स्कूल बस के डॉक्यूमेंट भी कंप्लीट नहीं है। फिटनेस सर्टिफिकेट एक्सपायर दिखाया जा रहा है। इसके बाद भी स्कूल इस बस को चला रहा था।
नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष का है स्कूल
कनीना में स्थित ये स्कूल करीब 22 साल पुराना है, जो 12वीं कक्षा तक संचालित है। इस स्कूल के मालिक राजेंद्र लोढ़ा हैं। जो विभिन्न राजनीतिक पार्टियों से संबंध रखते हैं। वह नगर पालिका कनीना के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।