Ambala farji passport: एक व्यक्ति ने फर्जी पासपोर्ट बनवाकर बेटों को भेजा विदेश, 7 लोगों के खिलाफ दर्ज मामला

Ambala farji passport: अंबाला में फर्जी दस्तावेज तैयार कर पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने जन्म प्रमाण-पत्र तैयार कराकर 2-2 बार पासपोर्ट बनवाया। गांव अकालगढ़ के नंबरदार ने CM विंडो पर शिकायत दर्ज कराकर फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। CM विंडो की शिकायत पर जांच कर बराड़ा थाना पुलिस ने एक ही परिवार के 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
CM विंडो पर दी शिकायत
CM विंडो पर शिकायत सौंप गांव अकालगढ़ के नंबरदार शरणजीत सिंह ने आरोप लगाए थे कि उसके गांव के कर्म सिंह, बलदेव सिंह, गुरदेव सिंह, कुलवंत सिंह, अमन प्रीत सिंह, सुखप्रीत सिंह ने स्वस्थ्य विभाग और पासपोर्ट विभाग को गुमराह करके 2-2 बार पासपोर्ट बनवाए हैं।
दो बार बनवाया पासपोर्ट
शरणजीत सिंह ने कहा कि कर्म सिंह, बलदेव व गुरदेव सिंह पहले कुरुक्षेत्र जिला के गांव भट्ट माजरा (पिहोवा) में रहते थे। आरोपियों का जन्म भी गांव भट्ट माजरा में हुआ था। इन्होंने वहां भी पासपोर्ट बनवा लिए और यहां अंबाला स्वास्थ्य विभाग को गुमराह करके अपने जन्म प्रमाण-पत्र गांव अकालगढ़ से बनवा लिए, जबकि इनका पिछला स्थाई पता गांव भट्ट माजरा तहसील पिहेवा जिला कुरुक्षेत्र है।
फर्जी दस्तावेज बनवाकर दोनों बेटे भेजे विदेश
शिकायतकर्ता ने बताया कि कर्म सिंह के बेटे अमनप्रीत सिंह का जन्म शाहाबाद में 09 जून 2001 को हुआ था, लेकिन कर्म सिंह ने अपने बेटे अमन प्रीत सिंह का जन्म प्रमाण-पत्र अकालगढ़ का पता देकर उगाला PHC से बनवा लिया, जिसमें अमन प्रीत सिंह की DOB 09 जून 2003 करवा ली। इतना ही नहीं, कर्म सिंह के दूसरे बेटे सुखप्रीत सिंह का जन्म 1 अगस्त 2002 शाहाबाद में हुआ था, लेकिन गांव अकालगढ़ के एड्रेस पर उगाला से 01 अगस्त 2004 को जारी करवा लिया। बताया कि कर्म सिंह ने अपने दोनों बेटों को अमेरिका भेज दिया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
CM विंडो की शिकायत पर पुलिस द्वारा की गई जांच में भी फर्जीवाड़ा सामने आया है। पुलिस ने आरोपी कर्म सिंह, बलदेव सिंह, गुरदेव सिंह, जसमेर सिंह, कुलवंत सिंह, अमनप्रीत सिंह व सुखप्रीत सिंह के खिलाफ धारा 420, 467, 468 व 471 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।