{"vars":{"id": "108013:4658"}}

क्या आप भी खा रहे हैं मीठा जहर? जानें कैसे चीनी बना रही है आपको बीमार, जा सकती है जान!

 
Suger side effects: अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन के मुताबिक चीनी इंसान के लिए किसी बंदूक से ज्यादा घातक है। ज्यादा चीनी खाने से हर तरह की बीमारी होने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इससे मोटापा, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, अल्जाइमर्स जैसी कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ये हेल्थ कंडीशन हार्ट डिजीज, स्ट्रोक और कैंसर के खतरे को भी बढ़ा सकती हैं।

अधिकतम कितनी चीनी खा सकते हैं?

साल 2015 में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सलाह दी थी कि लोगों को अपना डाइट प्लान इस तरह बनाना चाहिए कि एक दिन के टोटल कैलोरी इंटेक का 5% से ज्यादा ऐडेड शुगर से न आए। यानी अगर आप दिनभर में 2,000 कैलोरीज ले रहे हैं तो अधिकतम 100 कैलोरी ही ऐडेड शुगर से आए। यह लगभग 6 चम्मच चीनी खाने के बराबर होगा।

ज्यादा चीनी खाने से क्या होता है?

अधिक चीनी खाने से कई गंभीर बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। लेकिन, कुछ असर तुरंत नजर आ सकते हैं। थकान महसूस होती है: साइंस डायरेक्ट में साल 2019 में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक चीनी खाने के 1 घंटे बाद थकान हावी होने लगती है और अलर्टनेस भी कम हो जाती है। मूड खराब हो जाता है: नेचर में पब्लिश साल 2017 की एक स्डटी के मुताबिक ज्यादा चीनी खाने से डिप्रेशन और मूड डिसऑर्डर की आशंका बढ़ जाती है।

पेट में आती सूजन: जॉन हॉपकिन्स मेडिसिन के मुताबिक जिन लोगों को पाचन संबंधी समस्या है, उन्हें गैस बन सकती है और पेट में सूजन भी आ सकती है।

ज्यादा भूख लगती है: चीनी खाने से भूख भी ज्यादा लगती है क्योंकि शुगर से जितनी तेजी से इंसुलिन बढ़ता है, उतनी ही तेजी से ड्रॉप भी होता है। शुगर लेवल नीचे जाते ही तुरंत दोबारा भूख लग जाती है।

ज्यादा चीनी खाने से लंबे समय में होने वाले नुकसान बेहद खतरनाक हैं। इसे विस्तार से समझेंगे। पहले इन्हें ग्राफिक में देखते हैं।

दांत सड़ सकते हैं

चीनी मुंह में रहने वाले बैक्टीरिया का प्रिय भोजन है। ये बैक्टीरिया जब चीनी को पचाते हैं तो वे अपशिष्ट के रूप में एसिड बनाते हैं। यह एसिड दांतों की रक्षा कर रही सबसे ऊपरी परत इनेमल को नष्ट कर सकता है। इससे सड़न पैदा हो सकती है और दांतों में छेद हो सकते हैं। इसे टूथ कैविटी कहते हैं।

मुंहासे हो सकते हैं

जर्नल ऑफ पीडियाट्रिक्स में साल 2018 में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक जो लोग ज्यादा मीठा खाते हैं, उन्हें मुंहासे की गंभीर समस्या हो सकती है।

बढ़ सकता है वजन और मोटापा

ज्यादा चीनी खाने से हमारे वजन को कंट्रोल करने वाले हॉर्मोन्स को नुकसान होता है। लेप्टिन नाम का हॉर्मोन हमें बताता है कि हमने पर्याप्त खाना खा लिया है। साल 2008 में नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक ज्यादा चीनी खाने से लेप्टिन बनना बंद हो जाता है। इसके कारण हम ओवर ईटिंग करने लगते हैं, जो हमें ओवरवेट बनाता है।

डायबिटीज का खतरा

लंबे समय तक ज्यादा चीनी खाने से टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डायबिटीज एंड डाइजेस्टिव एंड किडनी डिजीज के मुताबिक चीनी मोटापा और इंसुलिन रेजिस्टेंस का कारण है। ये दोनों ही हेल्थ कंडीशन टाइप-2 डायबिटीज के लिए जिम्मेदार हैं।

ब्लड प्रेशर बढ़ता है

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में साल 2012 में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक ज्यादा मीठा खाने से ब्लड शुगर के साथ ब्लड प्रेशर भी बढ़ता है। हाई ब्लड प्रेशर दिल की बीमारियों के लिए खतरनाक है यानी इससे दो समस्याएं एक साथ हो रही हैं।

कार्डियोवस्कुलर डिजीज का खतरा

हेल्थ जर्नल JAMA इंटरनेशनल में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक जो लोग अपनी डेली कैलोरीज का 17 से 21% हिस्सा चीनी से प्राप्त करते हैं, उन्हें दिल की बीमारियों से मौत का खतरा 38% ज्यादा होता है। असल में चीनी हमारे दिल की ब्लड वेसल्स की भीतरी परत को डैमेज कर देती है, जो हार्ट डिजीज या स्ट्रोक का कारण बन सकता है।