{"vars":{"id": "108013:4658"}}

भाई ने कहा, उठ जा सुबह हो गई...लेकिन उसके शरीर से बह रहा था खून, जानें पूरा मामला

 

Murder: यमुनानगर में लूट के लिए व्यक्ति की हत्या कर दी। देर रात सोते वक्त बदमाशों ने उस पर तेजधार हथियार से हमला किया। वारदात का पता शुक्रवार सुबह चला। मृतक का भाई सुबह उसे जगाने के लिए उसकी चारपाई के पास गया। जहां उसने जमीन पर खून देखा और भाई की सांसे थमी हुई मिली।

इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना पर जगाधरी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने मौके से सभी सबूतों को जुटाने के बाद शव को सिविल अस्पताल भिजवाया।

जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच-पड़ताल एवं कार्रवाई में जुट गई है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय छोटू के रूप में हुई है।

सिर पर तेजधार हथियार से हमले के निशान

जानकारी के अनुसार छोटू घर पर अकेला रहता था। वह ऑटो चला कर जीवन बसर कर रहा था। 2012 में उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। उसकी कोई संतान भी नहीं थी। बीती रात को वह चारपाई पर सोया हुआ था।

सुबह जब उसका बड़ा भाई सतपाल उसे जगाने के लिए आया तो देखा की चारपाई के नीचे खून बह रहा है। यह देखकर वह दंग रह गया। जब उसके शरीर को सीधा किया तो सांस नहीं चल रही थी। सिर पर तेजधार हथियार से हमला करने के निशान थे।

मृतक जेब में रखता था पैसे

सतपाल ने बताया कि रात में उससे मिलकर गया था और सुबह उसे इस हालत में पाया। उन्होंने बताया कि छोटू के घर में पहले भी कहीं दफा चोरी हो चुकी थी। वह अकसर अपनी जेब में पैसे रखता था। बदमाशों को छोटू के पास रुपए होने का शक था।