{"vars":{"id": "108013:4658"}}

 दर्दनाक: पत्नी की मौत के 5 दिन बाद पति ने की आत्महत्या, आपस में लड़ रहे रिश्तेदार

 

jind: जींद में सुसाइड का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। एक विवाहिता के आत्महत्या करने के 5 दिन बाद उसके पति ने भी सुसाइड कर लिया। दोनों का 10 महीने का बच्चा भी है जो अब अनाथ हो चुका है।

आपस में लड़ रहे रिश्तेदार

पत्नी की मौत के बाद मायके वालों ने पति पर दहेज उत्पीड़न के बाद हत्या का केस दर्ज करवाया। इससे परेशान होकर पति ने जहर निगल लिया। इसके बाद सिटी थाना पुलिस ने मायके के 4 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।

जन स्वास्थ्य विभाग में क्लर्क था मृतक

ओमनगर निवासी जयपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा विनीत (29) सोहना में जन स्वास्थ्य विभाग में क्लर्क के पद पर कार्यरत था। वर्ष 2022 में विनीत की शादी सफीदों की शिव कॉलोनी निवासी रेणू के साथ हुई। पुत्र वधू रेणू मानसिक रूप से परेशान थी। उसने करीब एक साल पहले छत से कूदने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय रेणू के पिता और दादा उसे समझाकर अपने साथ ले गए थे।

26 मार्च को पत्नी ने किया था सुसाइड

कुछ दिनों पहले ही रेणू ससुराल लौटी थी। 26 मार्च को रेणू ने घर पर फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। उस समय विनीत ड्यूटी पर सोहना गया हुआ था। जबकि, रेणू की सास अपने पोते को लेकर सत्संग में गई हुई थी। फिर भी रेणू के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने के गलत आरोप लगाए।