{"vars":{"id": "108013:4658"}}

 अंबाला- पंखे से लटका मिला दो बच्चों की मां का शव, पति पर लगा प्रताड़ना का आरोप

 

ambala sucide: अंबाला में विवाहिता के आत्महत्या का मामला सामने आया है। ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप बताया जा रहा है। मृतका 2 बच्चों की मां थी। जिसकी शिनाख्त नारायणगढ़ के गांव टोका निवासी बलविंदर कुमारी के रूप में हुई है।

मायके वालों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

मृतका के पिता ने अपने दामाद पर बेटी को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। नारायणगढ़ थाने की पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मोहाली के गांव मियापुर (लालडू) निवासी बरखा राम ने बताया कि उसके पास 2 बेटे हैं और एक बेटी है। उसकी बेटी बलविंदर कुमारी की नवंबर 2012 को अंबाला जिले के गांव टोका (नारायणगढ़) निवासी अनिल कुमार के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद से उसकी बेटी के पास एक बेटा और एक बेटी है। उसका दामाद अनिल कुमार CRPF में तैनात है। जिसकी गुवाहाटी में पोस्टिंग है।

कुछ दिन पहले भी हुआ था विवाद

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बेटी के दोनों बच्चे हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के अकाल तख्त अकादमी बडू साहिब के होस्टल में रहते हैं। पहले पंचकूला के रायपुर रानी के डाकरा साहिब स्कूल में पढ़ते थे। बरखा राम ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके दामाद और बेटी के बीच विवाद हो गया था। उसके दामाद ने कॉल करके बोला था कि आप 3-4 लोग गांव टोका में आ जाओ। उन्होंने दोनों में समझौता करा दिया था।

आरोपी पति के खिलाफ दर्ज मामला

आज उसकी बेटी ने कॉल की, जोकि काफी परेशान थी। बेटी ने उसे बताया कि अनिल कुमार ने कॉल करके बहुत ज्यादा प्रताड़ित किया। दामाद ने कहा था कि या तो अपने घर चली जाओ, नहीं तो मैं जूतियों का हार डालकर गांव में जलील कर दूंगा। इसी डर के चलते उसकी बेटी बलविंदर कुमारी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 306 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।