{"vars":{"id": "108013:4658"}}

 किसान आंदोलन-2, 39वां दिन: हिसार में होगा शहीद समागम, 23 मार्च को मनाया जाएगा शहीदी दिवस

 
Farmer protest: पिछले 39 दिन से चल रहे किसान आंदोलन -2 के तहत किसान नेता आज हिसार पहुंचेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के आह्वान पर हिसार में शहीद समागम रखा गया है। इसमें किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल, सरवण सिंह पंधेर समेत तमाम किसान नेता हिस्सा लेंगे। 31 मार्च को अंबाला की मोहड़ा अनाज मंडी में शहीद समागम होना है।

23 मार्च को मनाया जाएगा शहीदी दिवस

कल 23 मार्च को शंभू बॉर्डर और खनौरी बॉर्डर पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का शहीदी दिवस मनाया जाएगा,जिसमें अंतरराष्ट्रीय पहलवान बजरंग पूनिया समेत अन्य लोग भाग लेंगे।

 करनाल पहुंची अस्थि कलश यात्रा

शंभू बॉर्डर से 6 दिन पहले शुरू हुई अस्थि कलश यात्रा पंचकूला, चंडीगढ़, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र होते हुए करनाल के नीलोखेड़ी पहुंची। किसान सरकार पर दबाव बनाने और लोगों का समर्थन हासिल करने के लिए शुभकरण की अस्थि कलश यात्रा निकाल रहे हैं। यात्रा का आज सातवां दिन है। करनाल के पश्चात कैथल और फिर 3 दिन अंबाला जिले में कलश यात्रा निकलेगी।

 आंदोलन के दौरान 21 फरवरी को खनौरी बॉर्डर पर गोली लगने से युवा किसान शुभकरण की मौत हुई थी।

अब तक 14 की मौत, 4 दौर की वार्ता विफल

अभी तक किसान आंदोलन के दौरान 14 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 3 पुलिस कर्मचारी भी शामिल हैं। 1718 मार्च को भी किसान आंदोलन से जुड़े 3 किसानों की अलग-अलग कारणों से मौत हुई। किसान MSP की गारंटी का कानून बनाने समेत अन्य कई मांगों पर अड़े हुए हैं। अब तक सरकार के साथ हुई 4 दौर की वार्ता विफल रही। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे धरने पर डटे रहेंगे।