{"vars":{"id": "108013:4658"}}

 किसान शुभकरण की अस्थि कलश यात्रा का दूसरा दिन, देखें हरियाणा में यात्रा का शेड्यूल

 
Asthi kalash yatra:संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के आह्वान पर निकाली जा रही किसान शुभकरण की अस्थि कलश यात्रा का आज दूसरा दिन है। किसान आंदोलन के दौरान 21 फरवरी को खनौरी बॉर्डर पर गोली लगने से युवा किसान शुभकरण की मौत हुई थी।

किसानों ने जारी किया अस्थि कलश यात्रा का शेड्यूल

किसान आंदोलन का आज (17 मार्च) 34वां दिन है। हजारों किसान हरियाणा-पंजाब के शंभू-खनौरी के साथ डबवाली बॉर्डर पर डटे हुए हैं। वहीं, शुभकरण की अस्थि कलश यात्रा 17 व 18 मार्च को हरियाणा के पंचकूला के कई गांव से होकर निकलेगी। बाकायदा, किसानों ने इसका शेड्यूल भी जारी किया है। इसके पश्चात 2 दिन यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल और फिर 3 दिन अंबाला जिले में कलश यात्रा निकलेगी।

22 व 31 मार्च को होगा शहीदी समागम

किसान मोर्चा ने हरियाणा-पंजाब समेत अन्य राज्यों में युवा दिवंगत किसान शुभकरण के गांव से अस्थियों का कलश लाकर कलश यात्रा निकालने का ऐलान किया है। साथ ही आह्वान किया है कि 22 मार्च को हिसार और 31 मार्च को अंबाला की मोहड़ा अनाज मंडी में शहीदी समागम का आयोजन किया जाएगा।